पूर्वी सिंहभूम । जुगसलाई थाना क्षेत्र के चौक बाजार में मंगलवार की रात बाइक में टक्कर को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट की स्थिति बन गई। इसी दौरान एक पक्ष ने हवाई फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना मंगलवार देर रात की बतायी जा रही है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार चौक बाजार में छपरहिया मोहल्ला निवासी उज्ज्वल ठाकुर और बागबेड़ा रिवर व्यू कॉलोनी निवासी शुभम ठाकुर बाइक खड़ी कर बातचीत कर रहे थे। तभी स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। स्थिति बिगड़ती देख स्प्लेंडर सवार दोनों युवक बाइक लेकर गद्दी मोहल्ले की ओर निकलने लगे। इसी दौरान हवाई फायरिंग किए जाने की बात सामने आयी। गोली चलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने जुगसलाई थाना पहुंचकर मामले की शिकायत की।
सूचना मिलने पर डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार भी जुगसलाई थाना पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटायी। डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि चौक बाजार में बाइक में टक्कर लगने के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आयी है, लेकिन घटनास्थल से अब तक कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


