संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा (पाकुड़)। अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में बुधवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की बड़ी घटना को अंजाम दिया। अपराधी ग्राहक बनकर आभूषण दुकान में दाखिल हुए और मौका पाकर सोने-चांदी के लाखों रुपये मूल्य के जेवरात लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों व स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।घटना की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेगरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दुकान के अंदर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए।बताया जा रहा है कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है।
पुलिस कैमरों में दर्ज तस्वीरों और घटनाक्रम को खंगालकर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस द्वारा उनके संभावित ठिकानों का पता लगाकर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की तैयारी की जा रही है।
मुख्य बाजार में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों द्वारा ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना के बाद बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।फिलहाल पुलिस डकैती में शामिल अपराधियों की संख्या, लूटे गए जेवरात की वास्तविक कीमत और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही डकैती से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आएगा।


