दुमका। उपराजधानी दुमका के खुटाबांध इलाके में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त से 200 रुपये लेकर चाकू खरीदा और फिर उसी चाकू से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में अमन कुमार नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के बिस्तर से अपनी आपबीती सुनाते हुए पीड़ित ने मुख्य आरोपी गोविंद मिश्रा समेत चार युवकों पर लूट और जान से मारने की कोशिश के गंभीर आरोप लगाए हैं।
———–
मोबाइल के पैसों पर डोली दोस्तों की नीयत

घायल अमन कुमार के मुताबिक, उसके पिता ने नया मोबाइल खरीदने के लिए उसे 50,000 रुपये दिए थे। इसी रकम को लेकर दोस्तों के बीच विवाद की नींव पड़ी। आरोप है कि गोविंद मिश्रा ने अपने तीन अन्य साथियों दिलशाद, गोलू और मोनू के साथ मिलकर अमन को घेर लिया। आरोपियों ने जबरन अमन के पास से 25,000 रुपये छीन लिए।
———–
विरोध करने पर किया ताबड़तोड़ वार
जब अमन ने अपने पैसे छीने जाने का विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने उस पर कई बार वार किए और उसके पेट में भी चाकू घोंपने की कोशिश की। किसी तरह अमन आरोपियों के चंगुल से छूटकर वहां से भागने में कामयाब रहा, जिससे उसकी जान बच सकी।
——-
आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास होने का दावा
अमन ने पुलिस और मीडिया के सामने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी गोविंद मिश्रा का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसने पहले भी चाकूबाजी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है, लेकिन अब तक उसके खिलाफ कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उसके हौसले बुलंद हैं। फिलहाल पीड़ित का इलाज जारी है और इलाके में इस घटना को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।



