गूगल पे, फोनपे, अमेजन और एयरटेल पेमेंट बैंक के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर करते थे ठगी, 32 सिम कार्ड और आठ मोबाइल जब्त
देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देवघर पुलिस ने पालाजोरी थाना क्षेत्र से सात कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर 27 नवंबर को डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में छापेमारी की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी फ्लिपकार्ट, अमेजन पे, गूगल पे, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक के फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना के नाम पर भी धोखाधड़ी की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी हासिब मोमिन, सरजहान मोमिन, कमाल मोमिन और राजाबाबू मोमिन शामिल हैं। वहीं, दुमका जिले के खुटोजोरी निवासी अजरूल अंसारी, निजाम अंसारी और सरफुद्दीन अंसारी भी पकड़े गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी कैशबैक का झांसा देकर और पीएम किसान योजना, बिजली बिल व आरटीओ चालान के नाम पर फर्जी एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करते थे। छापेमारी में आठ मोबाइल और 32 सिम कार्ड जब्त किए गए। तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबरों और आईएमईआई से विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें जुड़ी मिली हैं।




