रांची । राज्य के आठ जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश होने की संभावना है। इसे लेकर विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के जिन जिलों में भारी बारिश हो सकती है, उनमें राज्य के उत्तर पश्चिमी और दक्षिणी जिले शामिल हैं।
इनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा के अलावा झारखंड के दक्षिणी जिले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिहभूम, सरायकेला खरसावां और सिमडेगा शामिल है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश देवघर जिले के मधुपुर में 80.1 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 35.4 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रांची के नामकुम में रिकार्ड किया गया है। गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बारिश दर्ज की गई। साथ ही दिनभर मौसम सुहाना बना रहा। वहीं, गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम 22.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 32.6 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.4 और न्यूनतम 25.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.1 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।


