आदिवासी पारंपरिक ढोल और नृत्य रहा आकर्षण का केंद्र
संताल एक्सप्रेस
हिरणपुर (पाकुड़ ) –शारदीय नवरात्र के शुभारंभ पर रविवार को हिरणपुर के सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति, डाकबंगला परिसर की ओर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं कुंवारी कन्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जय माता दी और दुर्गा माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा डाकबंगला परिसर से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए विभूति भूषण छठ तालाब पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने कलश में जल भरकर पूजा पंडाल की ओर प्रस्थान किया। पंडाल पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधानपूर्वक कलश स्थापित किया गया। यात्रा के दौरान आदिवासी पारंपरिक ढोल और नृत्य आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। कलश स्थापना के बाद शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन मां शैलपुत्री की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पंडित सुजय पांडेय ने यजमान भानु साहा एवं उनकी पत्नी को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा संपन्न कराई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सुख, समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। कलश यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क रहा। बीडीओ टुडू दिलीप, सीओ मनोज कुमार एवं थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष दीपक साहा सहित रविन्द्र भगत, रंजीत भगत, मुन्ना साह, राजीव पंडित, लड्डू भगत, नारायण भगत, जय किशन भगत, अजय यादव, संजय साहा, अमित सिन्हा, सन्नी दत्ता सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


