पूर्वी सिंहभूम । सावन माह की अंतिम सोमवारी पर जमशेदपुर में आस्था और भक्ति का अद्भुत रंग देखने को मिला। हर हर महादेव संघ की ओर से आयोजित भव्य भजन संध्या में शहर के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर रात तक भक्ति गीतों और भगवान भोलेनाथ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध भोजपुरी गायक और सांसद मनोज तिवारी मुख्य आकर्षण रहे। मंच पर पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया। मनोज तिवारी ने भगवान शिव की आराधना से जुड़े भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। उनके गीतों के बीच पूरा परिसर हर हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा।
सावन की अंतिम सोमवारी होने के कारण कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह था। भजन संध्या के दौरान महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु शिव भजनों पर भक्तिभाव से झूमते दिखाई दिए। कई श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का स्मरण करते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। हर हर महादेव संघ के सदस्यों ने बताया कि सावन की अंतिम सोमवारी पर प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं के लिए इस तरह के धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। इस बार भी कार्यक्रम को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में संघ के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भजन संध्या समाप्त होने तक श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार रहा।


