पलामू । पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ स्थित बसौरा में रविवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जख्मी को इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के मुंदरिया गांव के रहने वाले तीन युवक अपाची बाइक से कपड़ा खरीदने लेस्लीगंज बाजार आ रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और फरार हो गया। दुर्घटना में कुश सिंह, राकेश सिंह, गोलू सिंह घायल हो गए। इसी दौरान पांकी के पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह वहां से गुजर रहे थे। हादसा देखकर उन्होंने अपना वाहन रोका और एंबुलेंस से घायलों को मेदिनीनगर एमएमसीएच भेजने में मदद की। इलाज के दौरान गोलू सिंह, पिता सत्येंद्र सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार अज्ञात वाहन का पता लगाने में जुटी है। घटना के बाद दशहरा की खुशियां मातम में बदल गई है।


