मुम्बई । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को संन्यास लिए काफी समय हो गया है फिर भी वह करोड़ों की कमाई कर रहे है। यहां तक की उन्होंने टीमें तक खरीद ली हैं। जहीर ने हाल ही में, वह लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) की फ्रेंचाइजी जाफना किंग्स में हिस्सेदारी खरीदी है जिससे वह सहमालिक बन गये हैं। इससे पहले उन्होंने ईयू टी20 लीग मे बेल्जियम लीग की फ्रेंचाइजी एंटवर्प एंकर्स में निवेश किया था। एक रिपोर्ट के अनुसार जहीर की मौजूदा कुल संपत्ति लगभग 241.53 करोड़ रुपये आंकी गई है, जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट, आईपीएल, कमेंट्री, ब्रांड एंडोर्समेंट और विभिन्न सफल व्यावसायिक उपक्रमों से हासिल की गई है।
गौरतलब है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयरडेविल्स जैसी प्रमुख टीमों के लिए खेलते हुए, बतौर खिलाड़ी उनकी कुल कमाई 27 करोड़ रुपये से अधिक रही है।संन्यास के बाद भी वह आईपीएल से जुड़े रहे हैं। उन्होंने 2018 से 2022 तक मुंबई इंडियंस के साथ डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट और हेड ऑफ ग्लोबल क्रिकेट डेवलपमेंट जैसे अहम पदों पर काम किया, और बाद में लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर की भूमिका भी निभाई है। खिलाड़ी, कोचिंग और मेंटरिंग भूमिकाओं को मिलाकर, आईपीएल से जहीर की कुल अनुमानित कमाई 35 से 40 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है।
इसके अलावा जहीर ने करोबारी जगत में बल्लेबाजी डॉट कॉम, इवारा, डाबर, नाइक और आसुस जैसे कई प्रतिष्ठित ब्रांड्स एंडोर्समेंट किया है। व्यवसाय की दुनिया में उनकी सक्रियता स्टेपसेट गो जैसे फिटनेस से जुड़े दो उद्यमों के सह-संस्थापक बनने से पता चलती है। मुंबई में उनका अपना जहीर खान डाइन फाइन नाम का एक लोकप्रिय रेस्टोरेंट भी है।उनकी संपत्ति में आलीशान रियल एस्टेट और लग्जरी वाहनों का संग्रह भी शामिल है। उन्होंने अपनी पत्नी और जानी-मानी अभिनेत्री सागरिका घाटगे के साथ मुंबई के पॉश परेल इलाके में लगभग 11 करोड़ रुपये का एक घर खरीदा है। उनके पास बीएमडब्ल्यू 5 सीरीज, मर्सिडीज बेंज एस क्लास और ऑडी ए8 जैसी लग्जरी कारें भी हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


