सांसद सांसद जोबा मांझी और सासंद डॉ प्रदीप वर्मा के प्रयास से ट्रेन के ठहराव को मिली मंजूरी
पश्चिमी सिंहभूम । पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर और आसपास के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने टाटानगर एर्नाकुलम एक्सप्रेस संख्या 18189 और 18190 का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव स्वीकृत कर दिया है। यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक आधार पर शुरू किया जाएगा। रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को आदेश जारी कर संबंधित रेलवे जोन को सुविधाजनक तिथि से ट्रेन का ठहराव शुरू करने का निर्देश दिया है। पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की लंबे समय से चली आ रही जनमांग को प. सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और राज्य सभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने रेल मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से उठाया था। उनके प्रयासों के फलस्वरूप रेलवे बोर्ड ने मनोहरपुर स्टेशन पर टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को प्रयोगात्मक आधार पर मंजूरी प्रदान की है।
डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने 3 अप्रैल 2025 को केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की थी। उन्होंने पत्र में कहा था कि पश्चिमी सिंहभूम का मनोहरपुर रेलवे स्टेशन राउरकेला, रांची तथा झारखंड-बंगाल के प्रमुख रेल मार्गों से जुड़ा हुआ है। साथ ही जामदा, किरीबुरू, गुवा, बड़बिल सहित आसपास के महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह स्टेशन अत्यंत महत्वपूर्ण है। डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस निर्णय के लिए माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव एवं रेलवे बोर्ड का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मनोहरपुर में इस ट्रेन का ठहराव क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए बड़ी राहत है।
शनिवार को सांसद जोबा मांझी ने बताया कि उन्होंने 22 जनवरी 2026 को रांची में आयोजित सांसदों की मंडलीय समिति की बैठक में क्षेत्र की रेल समस्याओं और यात्रियों की जरूरतों को प्रमुखता से रखा था। इसी दौरान उन्होंने रेल महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक के समक्ष टाटानगर एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की थी। सांसद ने रेलवे अधिकारियों को बताया था कि मनोहरपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, पढ़ाई, इलाज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए दक्षिण भारत समेत देश के विभिन्न हिस्सों की यात्रा करते हैं। ऐसे में टाटानगर एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर में ठहराव स्थानीय यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
रेलवे बोर्ड के संयुक्त निदेशक (कोचिंग) राजेश कुमार की ओर से 27 अगस्त को जारी आदेश में ट्रेन संख्या 18189 और 18190 के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव को मंजूरी दी गई है। आदेश में संबंधित रेलवे जोन को अपनी सुविधा के अनुसार ठहराव शुरू करने को कहा गया है। इसके साथ ही टिकट बिक्री केंद्रों पर ट्रेन के ठहराव की जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित करने और यात्रियों को इसकी सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। ट्रेन के मनोहरपुर में रुकने से मनोहरपुर के अलावा आनंदपुर, गोइलकेरा, सोनुवा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।


