◆51 कदम चलने के नाम पर जेवर सहित बैग लेकर फरार हुए ठग
दुमका। शहर में शुक्रवार दोपहर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया। भागलपुर रोड निवासी ऊषा सिंघानिया को चार ठगों ने बेटे की जान को खतरा बताकर अपने झांसे में लिया और करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवर लेकर फरार हो गए।
महिला होली चाइल्ड स्कूल के पास पोती को लाने के लिए खड़ी थीं। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार युवक पहुंचे। एक ने खुद को बाबा बताते हुए महिला से कहा कि उसके बेटे पर बड़ा संकट है। इसके बाद दूसरे साथी ने अनजान बनकर बाबा की कथित शक्ति और हनुमान जी के दर्शन होने की बात कहकर महिला का विश्वास जीत लिया।
ठगों ने पहले अपने ही साथी से दो हजार रुपये महिला के बैग में रखवाए और उसे ‘नमो नारायण’ का जाप करते हुए 51 कदम चलने को कहा। 51 कदम बाद रुपये सुरक्षित मिलने से महिला को ठगों की बात पर विश्वास हो गया।
इसके बाद ठगों के कहने पर महिला ने दोनों अंगूठियां, भारी सोने की चेन और चूड़ियां उतारकर बैग में रख दीं। बैग एक साथी को सौंपकर महिला को फिर 51 कदम चलने को कहा गया। महिला जब वापस लौटी तो ठग बैग सहित गायब था। बैग में करीब 10 लाख रुपये के जेवर और मोबाइल था।
घटना की सूचना पर नगर थाना पुलिस पहुंची। थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि स्कूल की छुट्टी के समय घटना हुई है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जिले के सभी थानों को भी अलर्ट किया गया है।


