पूर्वी सिंहभूम । मानगो के आदर्श कॉलोनी, पोस्ट ऑफिस रोड में शनिवार तड़के एक हाइवा की टक्कर से हाईटेंशन बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बिजली का पोल और हाईटेंशन तार एक मकान के ऊपर गिर गए। घटना के समय घर में संजय कुमार दण्डपाट अपने परिवार के साथ सो रहे थे। गनीमत रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था।
इस संबंध में संजय कुमार दण्डपाट ने मानगो थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शिकायत में बताया कि 24 अक्टूबर की सुबह करीब 4:41 बजे बस्ती के लोगों ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर के ऊपर हाईटेंशन बिजली का तार गिर गया है। उन्हें सावधानी बरतते हुए घर से बाहर निकलने को कहा गया। इसके बाद बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई।
संजय कुमार के अनुसार, घर से बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि हाइवा संख्या (जेएच05सीक्यू5847) बिजली के पोल से टकराने के बाद मौके पर खड़ा था। स्थानीय लोगों ने वाहन को रोक रखा था। टक्कर के कारण बिजली का पोल उखड़कर उनके घर के ऊपर गिर गया था और हाईटेंशन तार मकान पर लटक रहे थे। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद नहीं होती तो उनके परिवार के साथ गंभीर हादसा हो सकता था। शिकायतकर्ता ने घटना से संबंधित फोटो और वीडियो भी उपलब्ध कराने की बात कही है।
संजय कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि बस्ती में भारी वाहनों के प्रवेश के कारण आए दिन नुकसान की स्थिति उत्पन्न होती रहती है। उन्होंने इस बात की जांच कराने की मांग की है कि बस्ती में भारी वाहनों के परिचालन की अनुमति किन परिस्थितियों में दी जा रही है।
उन्होंने मानगो थाना प्रभारी से मामले की जांच कर संबंधित हाइवा के चालक और वाहन के परिचालन के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। वहीं पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


