पलामू । पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के उड़हुलिया गांव के पास मेदिनीनगर-पांकी मुख्य पथ पर शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कई मोटरसाइकिलों में टक्कर मार दी, जिससे एक बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार एक अन्य युवक जख्मी हो गया। टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर मौके से निकल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए जख्मी युवक को निजी वाहन से इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि मृत युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृत युवक की पहचान रतन कुमार साव (26) के रूप में हुई है। वह सदर थाना क्षेत्र के जमुने गांव निवासी नवलकिशोर साव के पुत्र थे। हादसे में घायल दूसरे युवक को हल्की चोटें आई है। वह लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोराडीह का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार रतन कुमार साव बेंगलुरु से मजदूरी करके दशहरा पर घर लौटा था। अपने घर से लेस्लीगंज की ओर घूमने जा रहा था। इसी क्रम में उड़हुलिया गांव के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसकी बाइक के अलावा अन्य मोटरसाइकिलों में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार काफी दूर जा गिरा।
गंभीर रूप से जख्मी स्थिति में रतन को इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया जहां उसकी इलाज के दौरान रात में मौत हो गई। इस संबंध में शनिवार सुबह रतन के रिश्तेदार राजा गुप्ता ने पूरी जानकारी दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


