झारखंड को बेहतर बनाने के लिए युवाओं को आगे आना होगा- सीता सोरेन
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज- झारखंड आंदोलन के महानायक स्व. शिबू सोरेन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आंदोलन में योगदान देने वाले स्व. दुर्गा सोरेन की जयंती गुरुवार को साहिबगंज शहर के लोहड़ा स्थित दुर्गा सोरेन सेना के जिला कार्यालय में मनाई गई. कार्यक्रम में जामा के पूर्व विधायक सीता सोरेन और दुर्गा सोरेन सेना की राष्ट्रीय अध्यक्ष राजश्री सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. दुर्गा सोरेन सहित अन्य की तस्वीरों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. राजश्री सोरेन ने कहा कि उनके पिता का सपना सभी का विकास था. जिसे साकार करने के लिए वह काम कर रही हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड की मौजूदा परिस्थितियों में आवाज उठाना आसान नहीं है. लेकिन वह पीछे नहीं हटेंगी. उन्होंने सड़क, रोजगार, कुपोषण, अवैध खनन और ओवरलोडेड वाहनों जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि महज दो-तीन हजार रुपये देकर लोगों को उनके अधिकारों से दूर नहीं रखा जा सकता. उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन सेना का गठन सामाजिक बदलाव और बेहतर झारखंड के संकल्प के लिए किया गया है.
यह राजनीतिक संगठन नहीं है. सीता सोरेन ने कहा कि झारखंड वीरों की धरती है और राज्य गठन का उद्देश्य यहां के लोगों को बेहतर भविष्य देना था. उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद राज्य में युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ रहा है. स्कूल-कॉलेज और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है. उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोगों को अब बदलाव के लिए एकजुट होना होगा. उन्होंने छात्र आंदोलन की जांच सीबीआई से कराने की मांग भी उठाई. कार्यक्रम के अंत में स्व. दुर्गा सोरेन की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया. इसके बाद संजय साहू को दुर्गा सोरेन सेना का जिला अध्यक्ष बनाया गया और उन्हें समिति चिन्ह प्रदान किया गया.इसके पूर्व सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में सीता सोरेन एवं राजश्री सोरेन की मौजूदगी में रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें दुर्गा सोरेन सेना के कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया.वही सीता सोरेन व राजश्री सोरेन ने साहिबगंज में आई बाढ़ से प्रभावित साहिबगंज महाविद्यालय सहित कई क्षेत्रों का भ्रमण की


