स्टेशन के पास सज रही थी नशे की मंडी, पुलिस ने धर दबोचे छह तस्कर
देवघर। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जसीडीह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जसीडीह स्टेशन के समीप रुझ्या धर्मशाला के पीछे खुले मैदान में छापेमारी कर पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की तैयारी कर रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से 76.19 ग्राम ब्राउन शुगर, 63 हजार रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। एसपी प्रवीण पुष्कर ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ महिला और पुरुष ब्राउन शुगर के कारोबारियों से संपर्क कर मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने बताए गए स्थान पर कार्रवाई करते हुए छह संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से सफेद प्लास्टिक और खैनी के पैकेट में रखी 76.19 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके अलावा 63 हजार रुपये नकद और छह कीपैड व मल्टीमीडिया मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार गुल मोहम्मद उर्फ चाचा और इस्माइल अंसारी उर्फ राजू खान रेल मार्ग समेत अन्य रास्तों से ब्राउन शुगर लाकर देवघर जिले के विभिन्न इलाकों में आपूर्ति करते थे। गिरफ्तार आरोपितों में जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुगरीडीह निवासी 62 वर्षीय गुल मोहम्मद उर्फ चाचा, देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया निवासी रवि झा, सिंघवा निवासी बबलू चौधरी और अजय कुमार महथा, जसीडीह थाना क्षेत्र की खुशबू देवी तथा करों थाना क्षेत्र के बिरनगड़िया निवासी इस्माइल अंसारी उर्फ राजू खान शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में जसीडीह थाना कांड संख्या 198/2026 दर्ज करते हुए सभी छह आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपित गुल मोहम्मद उर्फ चाचा का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में डकैती, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। वहीं अजय कुमार महथा के खिलाफ भी नगर थाना में आपराधिक मामला दर्ज पाया गया है। इस छापेमारी अभियान में एसडीपीओ कुलदीप कुमार,जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, उदय कुमार सिंह, अमर कुमार, रामानुज सिंह, संदीप कृष्णा, प्रियरंजन कुमार, सामंत कुमार, अनिश कुमार सिंह समेत जसीडीह थाना और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।


