संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा-पाकुड़-बरहरवा रेलखंड स्थित गुमानी रेलवे स्टेशन पर मालदा-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस (13011/13012) के ठहराव की मांग को लेकर रविवार को नव झारखंड जन एकता संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने राजमहल लोकसभा सांसद विजय कुमार हांसदा से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को मांगपत्र सौंपकर गुमानी स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव शुरू कराने के लिए रेलवे बोर्ड, रेल मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों के समक्ष पहल करने का आग्रह किया.संगठन ने मांगपत्र में कहा है कि गुमानी और आसपास का क्षेत्र घनी आबादी वाला है। यहां बड़ी संख्या में व्यापारी, छात्र-छात्राएं, नौकरीपेशा लोग, किसान, मरीज और आम यात्री रेल सेवा पर निर्भर हैं. मालदा और हावड़ा के बीच आवागमन के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस महत्वपूर्ण ट्रेन है. इसके बावजूद गुमानी स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से क्षेत्र के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि गुमानी स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही है. इस संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों तथा ग्रामीणों की ओर से रेलवे प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं. मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन भी किए गए हैं. इसके बावजूद अब तक ठहराव को लेकर ठोस पहल नहीं होने से यात्रियों में निराशा है.संगठन ने सांसद से मांग की कि वे इस जनहित के मुद्दे को रेलवे बोर्ड एवं रेल मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से उठाते हुए गुमानी स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित कराने की दिशा में पहल करें.
मौके पर नव झारखंड जन एकता संगठन के फाउंडर अंसार अली उर्फ मिंटू, अध्यक्ष फारोग अहसान, अनिकुल इस्लाम, अब्दुल मालिक, सरफराज अहमद सहित संगठन के दर्जनों प्रतिनिधि मौजूद थे.


