जामताड़ा। नारायणपुर के लोहरंगी मोड़ पर 20 सितंबर को हुए सड़क हादसे में घायल शमशाद अंसारी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि घायल जाहिद अंसारी का उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने तत्काल पहल करते हुए पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराई। मंत्री की पहल पर शमशाद के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव कोलहर भेजने की व्यवस्था की गई। इसके बाद मंत्री स्वयं गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने मृतक के परिजनों को ₹5 लाख का चेक तथा घायल जाहिद के परिवार को ₹30 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही जाहिद के इलाज का पूरा खर्च सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया। मंत्री ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग से मृतक के परिवार को जल्द ₹2 लाख की अतिरिक्त सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने इंश्योरेंस क्लेम और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ भी दिलाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि परिवार को इस कठिन समय में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हरसंभव सहायता दी जाएगी। हादसे के बाद ग्रामीणों द्वारा किए गए सड़क जाम को भी मंत्री के आश्वासन और सहायता के बाद समाप्त कर दिया गया।


