जामताड़ा। जामताड़ा साइबर अपराध थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जामताड़ा थाना क्षेत्र के गायछान्द गांव में की गई। थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में बनी टीम ने रघुवीर मंडल के घर पर छापा मारकर दो साइबर अपराधियों को रंगे हाथों पकड़ा।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया। इसमें 25 लाख 20 हजार नगद, 10 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड, 5 एटीएम कार्ड, 1 चेकबुक, 1 लैपटॉप, और 1 चारपहिया वाहन शामिल है।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी कॉल कर लोगों को बैंक खातों की केवाईसी अपडेट कराने का झांसा देते थे। इसके बाद उनके मोबाइल में एपीके फाइल भेजकर उसे डाउनलोड कराते और फिर बैंक खातों की गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी को अंजाम देते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रदीप कुमार मंडल पर पहले भी साइबर अपराध थाना में दो मामले दर्ज हैं (कांड संख्या 34/21 और 62/22)। दोनों में वह चार्जशीटेड है। आरोपियों का नेटवर्क मुख्यतः पश्चिम बंगाल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उड़ीसा तक फैला हुआ था। उनके विरुद्ध जामताड़ा साइबर थाना में आईटी एक्ट, टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now