भागलपुर । भागलपुर व्यवहार न्यायालय को एक बार फिर से ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। धमकी के बाद प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। परिसर के हर कोने की गहन जांच की जा रही है।
करीब 10 दिन पहले भी इसी तरह ई-मेल के माध्यम से व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस समय भी सुरक्षा बढ़ाई गई थी लेकिन अब तक उस मामले की जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है,जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ताजा धमकी के बाद एहतियातन अधिवक्ताओं और न्यायालय में न्यायिक कार्य से जुड़े लोगों को परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया और सभी को बाहर ही रोक दिया गया। इससे न्यायिक कार्य पूरी तरह प्रभावित हुई। इसे लेकर अधिवक्ताओं में खासी नाराजगी देखने को मिली।
अधिवक्ताओं का कहना है कि लगातार धमकियां मिल रही हैं, लेकिन पूर्व मामले में अभी तक कोई ठोस कार्रवाई या जांच रिपोर्ट नहीं दी गई है। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की सच्चाई की जांच में जुटी है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


