दुमका। मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को आयुक्त ने दुमका अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय का मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों के निष्पादन कार्यों की जमीनी हकीकत जानी।
निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने कार्यालय में तैनात संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से एक-एक कर कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप ही सभी दावों और आपत्तियों का निष्पादन होना चाहिए। कार्य में किसी भी तरह की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी लंबित मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर और पूरी पारदर्शिता के साथ निपटाने का कड़ा निर्देश दिया।
आयुक्त शैलेन्द्र कुमार लाल ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और त्रुटिरहित होना बेहद जरूरी है। इसके लिए आवश्यक है कि जो भी दावे या आपत्तियां प्राप्त हुई हैं, उनका जमीनी स्तर पर और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर गंभीरता से परीक्षण किया जाए। नियमों का पालन करते हुए ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए और किसी भी अपात्र का नाम सूची में न रहे।
उन्होंने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि एसआईआर 2026 से जुड़े सभी कार्यों में पूरी तत्परता दिखाई जाए। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान एसडीओ कार्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


