हदहदिया पुल के पास फैली दुर्गंध से खुला राज
देवघर। नगर थाना क्षेत्र के हदहदिया पुल के पास गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब करीब दस वर्षों से बंद पड़े एक पुराने मकान से सड़ी-गली लाश बरामद की गई। मकान से आ रही दुर्गंध की शिकायत पर जब ताला खोला गया, तो अंदर एक अधेड़ पुरुष का शव फांसी के फंदे से लटका मिला।
मकान अधिवक्ता ललित झा का बताया जा रहा है, जिसे वर्षों पहले जर्जर हालत में बंद कर दिया गया था। बीते कई दिनों से मकान से तेज दुर्गंध आ रही थी। स्थानीय लोगों ने मकान मालिक को जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने नगर थाना को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तुड़वाया। घर के अंदर फांसी पर झूलते शव को देखकर पुलिसकर्मी भी चौंक गए। मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है और उसने कांवरिया का गेरुआ वस्त्र पहन रखा था। शव बुरी तरह सड़ चुका था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि मौत करीब एक सप्ताह पूर्व हुई होगी। शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि मामला आत्महत्या का है या हत्या कर शव को यहां लटकाया गया है। नगर थाना पुलिस मृतक की शिनाख्त और मामले की गहराई से जांच में जुटी है।