देवघर संताल एक्सप्रेस : आगामी महाशिवरात्रि महोत्सव के मद्देनज़र नगर आयुक्त रोहित सिन्हा ने नगर निगम की टीम के साथ शिवबारात मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान स्वच्छता, विद्युत, जलापूर्ति,सिविल इंजीनियरिंग, प्रवर्तन एवं झाड़ी सफाई से जुड़े सभी विभागों के नोडल पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को महाशिवरात्रि एवं 15 फरवरी को निकलने वाली शिवबारात को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय रहते सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मार्ग की समुचित सफाई, सड़कों एवं पेवर ब्लॉक की मरम्मत, नालों को ढंकने,मार्ग में बाधक पेड़ की डालियों की छंटाई, सी एंड डी व भवन निर्माण सामग्री हटाने तथा अतिक्रमण हटाने पर विशेष जोर दिया। खासकर टावर चौक से आजाद चौक होते हुए बाबा मंदिर तक अतिक्रमण मुक्त मार्ग सुनिश्चित करने और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण की शुरुआत केकेएन स्टेडियम से हुई, जो शिवबारात का मुख्य प्रारंभिक स्थल है। इसके बाद नगर आयुक्त के नेतृत्व में टावर चौक से बाबा मंदिर तक पदयात्रा कर पूरे मार्ग का निरीक्षण किया गया, ताकि श्रद्धालुओं को होने वाली संभावित परेशानियों की पूर्व पहचान कर समाधान किया जा सके। इस अवसर पर नगर आयुक्त ने कहा कि महाशिवरात्रि देवघर का अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है और नगर निगम की प्राथमिकता है कि शिवबारात मार्ग स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रहे। निरीक्षण में सहायक नगर आयुक्त,अभियंता,सिटी मैनेजर, सफाई निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


