◆जिला एवं स्वच्छता समिति ने चार स्वयं सहायता समूहों को भेजा नोटिस
◆राशि वापस नहीं करने पर एफआईआर और ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी
सुमन सिंह
दुमका । बिना काम कराए योजना के नाम पर ₹13,36,778(तेरह लाख छत्तीस हजार सात सौ अठहत्तर रुपये) फर्जी निकासी मामले में कार्यपालक अभियंता सह सचिव जिला एवं स्वच्छता समिति, प्रमण्डल-2,दुमका ने वसूली की कार्रवाई शुरू कर दी है।विभिन्न गांवों में शौचालय एवं नाडेप निर्माण कार्य में वित्तीय अनियमितता का मामला उजागर होने और जांच में सही पाए जाने के बाद चार स्वयं सहायता समूहों (SHG) को समिति ने नोटिस जारी किया है।नोटिस के मुताबिक जांच में पाया गया कि बिना योजना कार्य किए ही फर्जी तरीके से राशि की निकासी कर ली गई, जो गंभीर वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है।समिति ने संबंधित समूहों को अवैध रूप से निकाली गई राशि 30 मई 2026 तक वापस करने का निर्देश दिया है। तय समय सीमा तक राशि जमा नहीं करने पर संबंधित स्वयं सहायता समूहों के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष के खिलाफ नजदीकी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने तथा समूह को काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डालने की चेतावनी दी गई है। जामा एवं रामगढ़ प्रखंड के चार स्वयं सहायता समूहों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इनमें जामा प्रखंड के कन्हैया आजीविका सखी मंडल पर 2,05,569 रुपये, कृष्णा स्वयं सहायता समूह पर 1,76,392 रुपये, किया बाबा स्वयं सहायता समूह पर 43,980 रुपये तथा रामगढ़ प्रखंड के नाग स्वयं सहायता समूह पर 9,10,837 रुपये की राशि वसूली का आदेश जारी किया गया है।


