विशेष संवाददाता
दुमका । राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने प्रोफेसर डॉ.कुनुल कंदीर को सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय,दुमका का नया कुलपति नियुक्त किया है।मंगलवार को राजभवन से जारी अधिसूचना के मुताबिक रांची विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर वनस्पति विज्ञान विभाग की प्रोफेसर डॉ.कंदीर को सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया।जून 2023 से सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका में कुलपति का पद रिक्त था और प्रतिकुलपति डॉ. बिमल प्रसाद सिंह प्रभारी कुलपति के रूप में कार्यरत थे।3 और 4 मई को सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका और विनोबा भावे विश्ववविद्यालय हजारीबाग के कुलपति पद के लिए इंटरेक्शन हुआ था।मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन राजभवन में राज्यपाल से मिलकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार विमर्श किया था।इस मुलाकात के थोड़ी देर बाद ही राजभवन से दोनों विश्वविद्यालयों के कुलपति की नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी गई।
———————————————————————————————————–
विनोबा भावे विश्वविद्यालय की प्रोवीसी रह चुकी हैं डॉ डॉ.कुनुल कंदीर
पर्यावरणीय जैव विविधता एवं औषधीय पौधों पर केंद्रित रहा है डॉ कंदीर का शोध
विशेष संवाददाता
दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका की नवनियुक्त कुलपति डॉ.कुनुल कंदीर वर्तमान में रांची विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर वनस्पति विज्ञान विभाग में सीनियर प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। वे वर्ष 1981 बैच की कॉलेज शिक्षिका हैं और विगत चार दशकों से शिक्षण व शोध के क्षेत्र में सक्रिय योगदान दे रही हैं। प्रो. कंदीर वर्ष 2017 से 2020 तक विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग की प्रतिकुलपति रह चुकी हैं। उन्होंने रांची विश्वविद्यालय में सिंडिकेट व सीनेट की सदस्य, विज्ञान संकायाध्यक्ष और वनस्पति विज्ञान की विभागाध्यक्ष सहित अनेक महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभाई हैं।वनस्पति विज्ञान में विशेषज्ञता रखने वाली प्रो. कंदीर का शोध कार्य पर्यावरणीय जैव विविधता एवं औषधीय पौधों पर केंद्रित रहा है। उन्होंने कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र प्रस्तुत किए हैं।उनकी नियुक्ति से सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय में अकादमिक उत्कृष्टता, प्रशासनिक सुचालन और अनुसंधान को नई गति मिलने की अपेक्षा की जा रही है।
—————————————————————————
प्रो. चंद्र भूषण शर्मा विनोबा भावे विवि के कुलपति नियुक्त
प्रो चंद्र भूषण शर्मा विनोबा भावे विवि के कुलपति नियुक्त किए गए इस संबध में अधिसुचना जारी कर दी गयी। डॉ चंद्रभूषण शर्मा इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी, नई दिल्ली के स्कूल ऑफ एजुकेशन में निदेशक सह प्रोफेसर रह चुके हैं। इससे पहले वह अप्रैल 2015 से अप्रैल 2020 तक नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग के चेयरमैन भी रहे। उन्हें 2017 में डिजिटल इनिशिएटिव के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। वह सर्व शिक्षा अभियान में डिस्टेंस एजुकेशन प्रोग्राम के निदेशक का दायित्व भी निभा चुके हैं। 3 वर्षों की उनकी कार्य अवधि होगी। गौरतलब है कि विनोबा भावे यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ मुकुल नारायण देव का कार्यकाल 31 मई 2023 को समाप्त हुआ था. उसके बाद से यह पद रिक्त था।