कोलकाता हत्याकांड के विरोध में आईएमए ने की घोषणा
नई दिल्ली । कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर से दुष्कर्म-हत्या कांड के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने भी शनिवार सुबह 6 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक बंद की घोषणा की है। आईएमए ने कहा- कि 24 घंटे के दौरान सभी निजी और सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर सभी कामकाज बंद रहेंगे। बता दें 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ऑन ड्यूटी पोस्ट ग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की गई थी। 14 अगस्त की देर रात उसी अस्पताल में हिंसा हुई। इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट के वकीलों ने सीजेआई से एक्शन लेने की अपील की है।
राजस्थान के जोधपुर में शनिवार को रेजिडेंट डॉक्टरों के हड़ताल के चलते एमडीएम हॉस्पिटल, एम्स, महात्मा गांधी हॉस्पिटल और उम्मेद हॉस्पिटल में करीब 200 ऑपरेशन को टाल दिया गया है। हॉस्पिटल में भर्ती व इमरजेंसी में आने वाले मरीजों की जिम्मेदारी सीनियर डॉक्टर्स पर आ गई है।
भोपाल में एम्स सहित मध्य प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में सैकड़ों रेजिडेंट डॉक्टरों ने काम बंद कर दिया है। इससे राज्यभर में मेडिकल सेवाओं पर असर पड़ रहा है। कई अस्पतालों में मरीजों को बिना इलाज के छोड़ दिया गया। ओपीडी और ओटी सेवाएं ठप हैं। आईएमए की हड़ताल को लेकर कर्नाटक सरकार ने सरकारी अस्पतालों के चिकित्सा अधिकारियों और सर्जनों की छुट्टियां रद्द कर दी है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित न हो, जिससे लोगों को परेशानी हो। वहीं दिल्ली में सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर की हड़ताल को पांच दिन हो गए हैं। दिल्ली में रोज करीब एक लाख से ज्यादा मरीजों को बिना उपचार कराए लौटना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, डॉक्टरों की काम रोको हड़ताल के चलते रोजाना करीब 300 सर्जरी भी नहीं हो पा रही हैं।