छोटी बचत की सरकारी योजना में अलग-अलग अवधि पर 7.50 फीसदी तक ब्याज
नई दिल्ली । शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव से दूर, सुरक्षित और तय रिटर्न की तलाश करने वालों के लिए पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट (पीओटीडी) एक आकर्षक विकल्प है। भारत सरकार द्वारा समर्थित यह योजना बैंक एफडी की तरह ही काम करती है, जहाँ आपका निवेश पूरी तरह सुरक्षित रहता है और आपको निश्चित ब्याज मिलता है। यह सरकारी स्कीम भारत की छोटी बचत योजनाओं का हिस्सा है, जिसमें जमा आपका पूरा पैसा सुरक्षित रहता है। आप इसमें न्यूनतम 1,000 रुपए से निवेश शुरू कर सकते हैं और अधिकतम की कोई सीमा नहीं है। इसमें जमा पूंजी पर बाजार के जोखिमों का कोई असर नहीं होता, क्योंकि ब्याज दर पहले से तय होती है। पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट में अलग-अलग अवधियों के लिए ब्याज दरें अलग होती हैं।
वर्तमान में एक साल के लिए 6.90 फीसदी, दो साल के लिए 7.00 फीसदी, तीन साल के लिए 7.10 फीसदी और 5 साल की अवधि पर सबसे ज्यादा 7.50 फीसदी वार्षिक ब्याज मिलता है। निवेश से पहले संबंधित पोस्ट ऑफिस में ताजा दरों की पुष्टि अवश्य करें। उदाहरण के लिए, अगर आप तीन साल के लिए 5 लाख रुपए निवेश करते हैं, तो 7.10 फीसदी की दर से आपको मैच्योरिटी पर कुल 6,18,304 रुपए मिलेंगे, जिसमें 1,18,304 रुपए केवल ब्याज शामिल होगा। टैक्स छूट की बात करें, तो केवल 5 साल की पीओटीडी पर ही आयकर अधिनियम की धारा 80सी के तहत 1.5 लाख तक की कटौती का लाभ मिलता है। 3 साल की एफडी पर यह छूट लागू नहीं होती है। टैक्स नियम आपकी चुनी हुई कर व्यवस्था पर भी निर्भर करते हैं।


