अमरावती । आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट पर एक भयावह घटना में युवा मछुआरा येरया पिछले सात दिनों से लापता है। येरया उस समय गायब हुआ जब उसने समुद्र में जाल फेंका और उसमें एक खतरनाक ब्लैक मर्लिन मछली फंस गई। यह मछली दुनिया की सबसे तेज शिकारी मछलियों में से एक मानी जाती है, जिसकी रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक होती है। बताया गया है कि मछली का वजन लगभग 200 किलो था। टोली के मछुआरों ने सलाह दी कि जाल काट दिया जाए, क्योंकि यह मछली बहुत ताकतवर और खतरनाक होती है। लेकिन येरया जो बचपन से मछुआरा रहा है और समुद्र का अनुभवी जानकार था, ने जिद की कि वह मछली को खुद खींचेगा। जैसे ही येरया मछली को खींचने लगा, मर्लिन ने जबरदस्त जोर लगाया। इसी दौरान येरया के पैर जाल में फंस गए और असंतुलन में आकर वह समुद्र में गिर पड़ा। ब्लैक मर्लिन उसे खींचते हुए तेज़ी से गहराई में ले गई और वह तब से लापता है। मछुआरों ने कई प्रयासों के बावजूद येरया को खोज नहीं पाया। हालांकि यह मछली बाजार में 1,000 रुपये प्रति किलो तक बिकती है, लेकिन इसे पकड़ना जानलेवा साबित हो सकता है। स्थानीय प्रशासन और तट रक्षक येरया की तलाश में जुटे हैं, लेकिन सात दिन बीतने के बाद अब आशाएं कम होती जा रही हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now