सरैयाहाट। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के नया ढोलगड़िया गांव से बीते 28 जनवरी से लापता महिला के शव को पुलिस ने गांव के ही एक कुएं से बरामद कर लिया है। महिला की गुमशुदगी के बाद से ही पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। सोमवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि गांव के कुएं में एक शव है जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। ज्ञात हो कि महिला की गुमशुदगी के बाद पहले उसे ससुर अजय यादव ने सनहा दर्ज कराया था। लेकिन मामला उस समय संदिग्ध हो गया जब महिला के भाई अरुण यादव ने अपने बहनोई और बहन के सास, ससुर और देवर पर बहन की हत्या कर शव छिपाने का मामला दर्ज कराया। जिसके बाद पुलिस अनुसंधान में जुटी। महिला के भाई के अनुसार बहन के ससुराल वालों की तरह से लगातार दहेज में कार की मांग की जा रही थी। और इसी बात को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने महिला के पति गणेश यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
——
महिला की शादी बीते जुलाई माह में हिंदू रीति रिवाज के साथ नया ढोलगड़िया गांव निवासी अरुण यादव के साथ हुई थी। बताया जाता हैं कि महिला के पति का किसी अन्य युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। और इस बात की जानकारी महिला को हो गई थी। जिसके बाद महिला शादी के महज कुछ दिनों बाद ही मायके चली गई। बीते 27 जनवरी को ही उसके ससुर ने उसे वापस घर लाया था और अगले दिन ही वह अचानक घर से गायब हो गई।
———-
महिला के शव को देखने से यह प्रतीत होता था कि गला घोंट उसकी हत्या की गई है। और साक्ष्य छुपाने की नीयत से उसके शव को कुएं में फेंक दिया गया। महिला का जीभ बाहर निकला हुआ था। जिस कुएं से महिला का शव मिला, वह कुआं से महिला का शव मिला वह गांव में ही है, फिर भी छह दिनों तक इसकी भनक तक नहीं लगी। जो काफी संदिग्ध लगता हैं।
———-
लापता महिला के शव को गांव के कुएं से बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही कुछ कहा जा सकता है। पुलिस अनुसंधान कर रही है। आरोपी पति से पूछताछ की जा रही है।
ताराचंद,
थाना प्रभारी सरैयाहाट