शिवा बास्की, कालेश्वर सोरेन और रामकृष्ण हेम्ब्रम हैं झामुमो टिकट के प्रमुख दावेदार
सुमन सिंह
दुमका । जामा विधानसभा क्षेत्र में इस चुनाव में प्रत्याशियों को लेकर बड़ा उलटफेर होने वाला है।पिछले तीन चुनावों से झामुमो के टिकट पर लगातार विधायक निर्वाचित हो रही सीता सोरेन अब भाजपा में हैं।सीता के पाला बदलने के कारण 2024 के विधानसभा चुनाव में झामुमो के प्रत्याशी का चेहरा बदलना तय है।जामा सीट पर लंबे समय तक सोरेन परिवार का कब्जा रहा है।शिबू सोरेन,उनके बड़े पुत्र दुर्गा सोरेन और बड़ी बहू सीता सोरेन जामा सीट से विधायक निर्वाचित होते रहे हैं।सीता सोरेन के भाजपाई हो जाने की वजह से इस चुनाव में सोरेन परिवार से इतर किसी स्थानीय कार्यकर्ता को झामुमो का टिकट मिल सकता है।जामा से झामुमो से टिकट के दावेदारों में शिव कुमार बास्की उर्फ शिवा बास्की, कालेश्वर सोरेन और रामकृष्ण हेम्ब्रम प्रमुख दावेदार बन कर उभरे हैं।शिवा बास्की दुमका जिला परिषद के सदस्य रह चुके हैं।2009 से 2014 तक जब हेमंत सोरेन दुमका से विधायक थे तब शिवा बास्की विधायक प्रतिनिधि थे।कालेश्वर सोरेन वर्तमान में झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष रहने के साथ ही जिला परिषद सदस्य भी हैं।इधर रामकृष्ण हेम्ब्रम झामुमो के युवा मोर्चा के अध्यक्ष होने के साथ ही पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं।
———————————————— ———————— ———————— ————————
शिबू सोरेन,दुर्गा और सुनील सोरेन भी जामा से विधायक रह चुके हैं
जामा विधानसभा क्षेत्र शुरू से झामुमो का गढ़ रहा है।तीन टर्म सीता सोरेन के अलावे दो टर्म उनके पति दुर्गा सोरेन जामा से झामुमो के विधायक रहे हैं।खुद शिबू सोरेन जब 1984 में दुमका से लोकसभा चुनाव हार गए थे तब जामा विधान सभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। देवान सोरेन और मोहरिल मुर्मू भी जामा सीट से झामुमो के टिकट पर जीत कर विधानसभा पहुंचे थे। जामा विधान सभा क्षेत्र के चुनावी इतिहास में सिर्फ एक बार 2005 के चुनाव में भाजपा परचम लहरा सकी थी,जब सुनील सोरेन ने झामुमो विधायक दुर्गा सोरेन को पराजित कर दिया था।दुर्गा सोरेन झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के बड़े पुत्र थे।2009, 2014 और 2019 के विधान सभा चुनाव में शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन(दुर्गा सोरेन की पत्नी) जामा से झामुमो विधायक थीं।भाजपा में शामिल हो कर लोकसभा चुनाव का चुनाव लडऩे वाली सीता सोरेन ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था।
———————— ———————— ———————— ———————— ————————
जयश्री सोरेन और सुनील सोरेन सहित कई नेता हैं भाजपा टिकट के दावेदार
जामा विधान सभा क्षेत्र से भाजपा टिकट के भी कई दावेदार है।तीन टर्म से जामा से झामुमो की विधायक रह चुकीं सीता सोरेन इस चुनाव में अपनी बेटी जयश्री सोरेन से लिये भाजपा का टिकट चाहती हैं।सीता सोरेन लोकसभा चुनाव भाजपा से लड़ चुकी हैं।पूर्व सांसद सुनील सोरेन जामा से भाजपा टिकट के दावेदार माने जा रहे हैं।सुनील सोरेन जामा क्षेत्र के स्थानीय निवासी होने के साथ जामा से एक टर्म विधायक भी रह चुके हैं।हालांकि पूर्व सांसद सुनील सोरेन दुमका सीट से भी टिकट के प्रबल दावेदार हैं।लगातार दो चुनाव से सीता सोरेन से कम मतों के अंतर से पराजित होने वाले सुरेश मुर्मू भी टिकट के दावेदार हैं।युवा नेता और एसटी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष विमल मरांडी और पहाडिय़ा समाज से आने वाले मुखिया राजू पुजहर भी जामा से भाजपा टिकट के दावेदार हैं।