डिफेंस एक्सपर्ट बोले- यह परिस्थिति कुछ समय तक रहेंगी, फिर होगी शांति
नई दिल्ली । इजराइल-ईरान के बीच जंग जारी है, इसको लेका दुनिया चिंतित है और इसे रोकने की अपील भी कर रही है क्योंकि इस जंग में दोनों ही देशों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ईरान-इजराइल बढ़ते संघर्ष पर एक भारतीय डिफेंस एक्सपर्ट का कहना है कि भारत जल्द युद्ध खत्म होते देखना चाहता है। ईरान-इजराइल में तनाव के बीच अमेरिका भी इस संघर्ष में कूद गया है। अमेरिका ने ईरान के तीन प्रमुख न्यूक्लियर साइट्स पर हमला किया, जिसके बाद गुस्साए ईरान ने भी इजराइल पर कई बैलिस्टिक मिसाइल दागी और काफी नुकसान पहुंचाया।
डिफेंस एक्सपर्ट के मुताबिक भारत के दोनों ही देशों से संबंध अच्छे हैं। ऐसे में वह शांति ही चाहेगा। उन्होंने कहा कि भारत शांति का पक्षधर है। हम न तो ईरान के पक्ष में हैं, न इजराइल के पक्ष में। हम शांति के पक्ष में हैं। भारत के पीएम और डिप्लोमेट्स की तरफ से यही कोशिश होगी कि इस युद्ध को जितना जल्द हो सके, खत्म किया जाए। यह भारत के कहने से नहीं हो सकता। मुझे लगता है कि यह परिस्थिति कुछ समय तक रहेंगी, जिसके बाद शांति स्थापित होगी। वेस्ट एशिया से भारत में तेल आता है। ऊर्जा संसाधन भी वहां से बहुत आते हैं। अगर इन हमलों के बीच इन्हें भारत में लाने का रास्ता लंबा हुआ, तो कीमतें बढ़ सकती हैं।
डिफेंस एक्सपर्ट ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका ने चेतावनी दी थी कि यदि ईरान ने नहीं माना, तो वह उसके परमाणु प्रतिष्ठानों को निशाना बनाएगा। शनिवार रात उन्होंने बी-52 बॉम्बर्स और सबमरीन-लॉन्च मिसाइल्स का इस्तेमाल कर तीन परमाणु ठिकानों पर हमला किया, जिससे ईरान की परमाणु सुविधाओं को काफी नुकसान हुआ है। वहीं, एक अन्य डिफेंस एक्सपर्ट ने कहा कि जिस तरह अमेरिका ने ईरान की तीनों न्यूक्लियर साइट्स को बर्बाद किया, उसका मकसद यही था कि ईरान को न्यूक्लियर हथियार बनाने से रोकना था। उन्होंने आगे कहा कि अगर वह सत्ता परिवर्तन चाहते हैं, तो वह बाद की बात है। उसके लिए ईरानी लोगों को साथ लेकर चलना होगा।