पिछले छह महीनों में शेयर 180 फीसदी से अधिक चढ़ चुका
मुंबई । हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के शेयरों में गुरुवार को जोरदार तेजी देखने को मिली और यह 52 हफ्तों के नए उच्चतम स्तर 758.25 रुपए पर पहुंच गया। पिछले चार कारोबारी सत्रों में शेयर लगभग 40 फीसदी उछल चुका है, जबकि पिछले 30 दिनों में इसमें 50 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई। लंबे समय की दृष्टि से देखें तो पिछले छह महीनों में शेयर 180 फीसदी से अधिक चढ़ चुका है। 22 जनवरी को शेयर 531.80 रुपए पर बंद हुआ था। उसके बाद लगातार मजबूती रही। मंगलवार को शेयर में 5 फीसदी, बुधवार को 12.5 फीसदी और गुरुवार को 19.84 फीसदी की तेजी आई।
विशेषज्ञों के अनुसार इस तेजी के पीछे वैश्विक तांबे की कीमतों में उछाल एक बड़ा कारण है। एमसीएक्स पर जनवरी डिलीवरी वाले तांबे के भाव 1,350 रुपए प्रति किलोग्राम से अधिक पहुंच गए। डॉलर में कमजोरी, भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक व्यापार में अनिश्चितताओं के कारण निवेशक रियल एसेट्स जैसे सोना, चांदी और तांबे की ओर रुख कर रहे हैं। तांबे की औद्योगिक मांग मजबूत है, खासकर रिन्यूएबल एनर्जी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग के चलते। सप्लाई की कमी और वैश्विक मांग का दबदबा कीमतों को सहारा दे रहा है। हिंदुस्तान कॉपर ने मध्य प्रदेश में नए तांबे के ब्लॉक के लिए प्रेफर्ड बिडर बनने की घोषणा की, जिससे भविष्य में उत्पादन और ग्रोथ की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि तांबे के फ्यूचर्स में तेजी और कंपनी की सकारात्मक खबरें शेयर को मजबूत बनाए हुए हैं। निवेशकों का रुझान तेजी की ओर बना हुआ है, जिससे हिंदुस्तान कॉपर का शेयर फिलहाल निवेशकों के लिए आकर्षक बना हुआ है।


