जामताड़ा : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जामताड़ा में 50 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह स्वास्थ्य केंद्र शहर के बीचों-बीच स्थित पुराने बंद पड़े सदर अस्पताल को तोड़कर बनाया जाएगा। मंत्री अंसारी ने जानकारी दी कि यह नया हाईटेक अस्पताल अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा और आने वाले दो वर्षों के भीतर पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह अस्पताल क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने को लेकर प्रतिबद्ध है। “स्वास्थ्य विभाग एक संवेदनशील विभाग है, लेकिन विपक्ष के लोग इसे मजाक में लेते हैं। हमारी सरकार इसे गंभीरता से ले रही है और लगातार सुधार की दिशा में कदम उठा रही है। डॉ. अंसारी ने झारखंड की भौगोलिक स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य के कई इलाके पहाड़ी और जंगली हैं, जहां एंबुलेंस की पहुंच संभव नहीं हो पाती। इस समस्या के समाधान हेतु उन्होंने एक नई योजना की घोषणा की। हर गांव में 1500 स्ट्रेचर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही एक व्यक्ति को नियुक्त किया जाएगा, जो मरीजों को खटिया की बजाय स्ट्रेचर पर अस्पताल तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
अपने संबोधन में मंत्री ने विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री भानु प्रताप शाही पर टिप्पणी करते हुए कहा, “वे विदेशी हैं, उन्हें राज्य की जमीनी हकीकत और यहां की गरीबी का अंदाजा नहीं है। जब वे मंत्री थे, तब उन्होंने क्या किया? इसी क्रम में उन्होंने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी को भी निशाने पर लेते हुए कहा, बाबूलाल जी गलत दिशा में जा रहे हैं। यदि उन्हें कहीं कोई समस्या दिखती है, तो वे मुझे बताएं, मैं उसका समाधान करूंगा। विपक्ष केवल आलोचना करता है, समाधान की दिशा में कोई सकारात्मक पहल नहीं करता। मंत्री अंसारी ने स्वास्थ्य विभाग की हालिया उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कई जिलों में आधुनिक अस्पताल बनाए जा रहे हैं, मेडिकल उपकरणों की खरीदारी की जा रही है और चिकित्सकों की बहाली की प्रक्रिया भी तेज़ की गई है। इस शिलान्यास समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। मौके पर उपायुक्त रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता, सिविल सर्जन डॉ. आनंद मोहन सोरेन, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. डीसी मुंशी समेत जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now