नई दिल्ली । आमतौर पर डॉक्टर सलाह देते हैं कि रोजाना एक लाल सेब खाने से शरीर स्वस्थ रहता है। यह आयरन और फाइबर से भरपूर होता है, जो इम्यूनिटी बढ़ाने और पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने में मदद करता है।
हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि हरा सेब भी पोषण से भरपूर होता है और इसे लाल सेब से ज्यादा ताकतवर माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, हरा सेब कैंसर जैसी घातक बीमारियों से बचाव में मदद कर सकता है। इसमें अधिक मात्रा में सॉल्युबल फाइबर पाया जाता है, जो आंतों के लिए लाभदायक होता है और पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। इसके अलावा, यह शरीर में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ावा देता है, जिससे पेट से जुड़ी समस्याओं में राहत मिलती है। सेब के अलग-अलग प्रकार होते हैं, जैसे कि कश्मीर और नीलगिरी का सेब, जो सर्दियों में आते हैं, जबकि गर्मियों में हरा सेब अधिक मात्रा में उपलब्ध रहता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सेब को छिलके सहित खाना अधिक फायदेमंद होता है, लेकिन इसे अच्छी तरह से साफ करके ही खाना चाहिए, क्योंकि बाजार में मिलने वाले सेबों पर वैक्स की परत चढ़ी होती है। हरा और लाल सेब दोनों ही विटामिन सी, आयरन और फाइबर से भरपूर होते हैं, लेकिन हरे सेब में अधिक मात्रा में सॉल्युबल फाइबर होता है, जो कैंसर की संभावना को कम कर सकता है।
यह खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो कैंसर थेरेपी से गुजर रहे हैं, क्योंकि यह थेरेपी के असर को तेज करता है। डॉक्टरों का कहना है कि रोजाना एक या दो सेब का सेवन करना चाहिए। 160 ग्राम तक सेब खाना फायदेमंद होता है, लेकिन अधिक मात्रा में सेब खाना नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए संतुलित मात्रा में सेब का सेवन करने से ही स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं। मालूम हो कि सेब को सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है, लेकिन अक्सर लोग सिर्फ लाल सेब को ही प्राथमिकता देते हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now