सोने का भाव 1,43,999 रुपए, चांदी लगभग 2,32,898 रुपए प्रतिकिलो
नई दिल्ली । सोना और चांदी के वायदा भाव में बुधवार को मजबूत तेजी देखने को मिल रही है। घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों की कीमतें बढ़त के साथ कारोबार कर रही हैं, जिससे निवेशकों का झुकाव एक बार फिर सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का बेंचमार्क अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट बुधवार को 4,167 रुपये की तेजी के साथ 1,43,079 रुपये पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 1,38,912 रुपये था। खबर लिखे जाने के समय यह कॉन्ट्रैक्ट करीब 5,087 रुपये की बढ़त के साथ 1,43,999 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
दिन के दौरान सोने ने 1,44,434 रुपये का उच्च और 1,43,079 रुपये का निचला स्तर छुआ। वहीं चांदी के वायदा भाव में भी तेज शुरुआत हुई। एमसीएक्स पर मई कॉन्ट्रैक्ट 8,957 रुपये की तेजी के साथ 2,32,898 रुपये पर खुला, जो पहले 2,23,941 रुपये पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान चांदी करीब 10,554 रुपये की बढ़त के साथ 2,34,495 रुपये पर पहुंच गई। इस दौरान इसका उच्च स्तर 2,36,137 रुपये रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी का रुख बना हुआ है। कॉमेक्स पर सोना 4,571.50 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रहा है, जबकि चांदी 73.44 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक अनिश्चितता और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के चलते सोना-चांदी की कीमतों में यह तेजी देखने को मिल रही है। आने वाले दिनों में बाजार की दिशा अंतरराष्ट्रीय संकेतों पर निर्भर करेगी।


