दुनिया का पहला स्पेस डिलीवरी वीइकल तैयार
नई दिल्ली । क्विक कॉमर्स कंपनियों ने वर्तमान में धूम मचा रखी है। कई ऐसी कंपनियां हैं, जो 10 से 15 मिनट में आपके घर सामान डिलीवर कर देती है। वहीं कुछ ऐसी कंपनियां भी है, जो एक से दो दिन में एक शहर से दूसरे शहर सामान पहुंचाती हैं। इसके बाद इंटरनेशनल पार्सल की डिलीवरी में 5 से 15 दिनों का वक्त लगता है। लेकिन यदि कोई सिर्फ एक घंटे में दुनिया के किसी कोने में सामान पहुंचा दे। तब ये लॉजिस्टिक की दुनिया में किसी क्रांति से कम नहीं होगा। अमेरिकी कंपनी इन्वेर्सिओन ये सर्विस लेकर आई है।
एरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर में काम करनी वाली इन्वेर्सिओन ने दुनिया का पहला स्पेस डिलीवरी वीइकल तैयार किया है। ये वीइकल अंतरिक्ष के रास्ते पृथ्वी के किसी भी शहर में सिर्फ 60 मिनट में डिलीवरी कर सकता है। ये काम कंपनी का आर्क वीइकल करता है।
आर्क एक री-इंट्री वीइकल है। यानी ये अंतरिक्ष में जाकर दोबारा पृथ्वी के वायुमंडल में लौट सकता है। आर्क वीइकल 8 फीट लंबा और 4 फीट चौड़ा स्पेसक्राफ्ट की तरह है। एक बार में ये 227 किलोग्राम तक का सामान ले जा सकता है। यानी आप इस पर 227 किलोग्राम तक का कोई सामान लोड कर सकते है। इसके बाद आर्क वीइकल धरती से 1000 किलोमीटर ऊपर अंतरिक्ष में जाएगा। वहां से वीइकल उड़ान भरेगा और डिलीवरी पॉइंट पर पहुंचने के बाद वापस धरती पर लौट आएगा। वायुमंडल में प्रवेश करने के बाद ये पैराशूट की मदद से लैंड करेगा। आर्क वीइकल 25 हजार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भर सकता है।
जानकारों के अनुसार स्पेस डिलीवरी वीइकल का इस्तेमाल कई तरीकों से हो सकता है। युद्ध के दौरान ये काफी मददगार साबित हो सकता है। आर्क वीइकल स्पेस में रुक भी सकता है। कंपनी के अनुसार ये स्पेस डिलीवरी वीइकल 5 साल तक अंतरिक्ष में रुक सकता है, जो इसे युद्ध में बड़ा मददगार बनाता है। कंपनी का दावा है कि ये ऑटोनोमस स्पेसक्राफ्ट रियूज किया जा सकता है और कम खर्चीला है।