पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला प्रखंड अंतर्गत हेंदलजुड़ी पंचायत में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। जांच में पाया गया कि योजना की लाभुक सूची में फर्जीवाड़ा कर बिहार और पश्चिम बंगाल की 172 मुस्लिम महिलाओं ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए लाभ उठाया। प्रशासन ने इन सभी महिलाओं के खिलाफ गुरुवार को मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, फर्जीवाड़ा के जरिए योजना की पहली किस्त की राशि 2500 रुपये प्रति लाभुक के हिसाब से कुल 9 लाख 57 हजार रुपये की निकासी की गई। घाटशिला प्रखंड विकास पदाधिकारी युनिका शर्मा के निर्देश पर हेंदलजुड़ी पंचायत के सचिव मंगल टुडू ने गालूडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की 40 महिलाओं और पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा थाना क्षेत्र की 132 महिलाओं के नाम शामिल हैं।
आरोप है कि इन महिलाओं ने फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर योजना का लाभ लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी ने हेंदलजुड़ी पंचायत की तत्कालीन सचिव पुष्पा कुमारी पोद्दार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस घोटाले को लेकर स्थानीय राजनीतिक दल भाजपा और झामुमो ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की है। यह मामला प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार पर गंभीर सवाल खड़ा करता है, विशेषकर उन योजनाओं में जो गरीब और जरूरतमंद महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जाती हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now