नई दिल्ली । गर्मी के मौसम में बहुतायत में पाए जाने वाले आम को खाने में अगर थोड़ी सी भी लापरवाही हो जाए तो यह सेहत के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। कई बार लोग आम को अन्य चीजों के साथ मिलाकर खाते हैं, जिससे फूड कॉम्बिनेशन बिगड़ जाता है। आम को कुछ खास खाद्य पदार्थों के साथ खाने से पाचन तंत्र पर बुरा असर पड़ता है। विशेष रूप से खट्टे फलों के साथ आम का सेवन करना नुकसानदायक होता है। संतरा, नींबू जैसे फल अधिक एसिडिक होते हैं और जब इन्हें आम के साथ खाया जाता है तो पेट में गैस, जलन और एसिडिटी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसी तरह अगर आप आम को तीखे भोजन के साथ खाते हैं तो मुंह और गले में जलन हो सकती है। कई बार लोग आम को चावल या रोटी के साथ भी खाते हैं, जो कि ठीक नहीं है। इससे पाचन धीमा हो जाता है और शरीर को थकावट महसूस होती है। इसके अलावा, फर्मेंटेड चीजें जैसे अचार, इडली, या फर्मेंटेड ड्रिंक्स जैसे शराब आदि के साथ आम का सेवन करने से पेट खराब हो सकता है। तली हुई चीजें भी आम के साथ नहीं खानी चाहिए।
इनसे शरीर में वसा की मात्रा अधिक हो जाती है और पाचन प्रणाली पर दबाव बढ़ता है। वहीं कैफीन युक्त पेय पदार्थ जैसे चाय या कॉफी भी आम के साथ लेने से उसके पोषण तत्वों का लाभ नहीं मिल पाता। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह है कि आम को अकेले खाएं और इसे भोजन से कम से कम एक घंटे पहले या बाद में लें। इससे न सिर्फ इसका स्वाद बेहतर तरीके से मिलेगा, बल्कि इसका पोषण भी शरीर को पूरी तरह मिल पाएगा।
गर्मियों में आम का सेवन करें, लेकिन सही तरीके से, ताकि इसका लाभ उठाया जा सके और किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या से बचा जा सके। बता दें कि गर्मी का मौसम आते ही बाजार में आम की बहार आ जाती है। छोटे बच्चे हों या बड़े, हर कोई इस रसीले फल का दीवाना होता है। आम को फलों का राजा कहा जाता है और इसका स्वाद भी उतना ही लाजवाब होता है। लोग आम को काटकर खाते हैं, कुछ लोग इसका रस निकालकर पीते हैं, तो कई लोग मैंगो शेक और स्मूदी बनाकर इसका आनंद लेते हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now