जामताड़ा में महिला कॉलेज निर्माण के लिये 58 करोड़ की मिली स्वीकृति
एम्स में बिजली सब स्टेशन और संचालन लाइन के लिए 64 करोड़ की मंजूरी
कैबिनेट का फैसला
रांची । मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन में हुई कैबिनेट की बैठक में 44 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद कैबिनेट सचिव वंदना दाडेल ने कैबिनेट की बैठक में हुए फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहीद होने वाले अग्निवीरों के आश्रितों को झारखंड सरकार आर्थिक मदद देगी। साथ ही एक आश्रित को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आश्रित को पूरी तरह से परिभाषित किया गया है। अग्निवीर सैनिक की पत्नी और आश्रित को विशेष अनुग्रह अनुदान 10 लाख और अनुकंपा पर नौकरी दी जाएगी। कैबिनेट ने एसकेएमयू अंतर्गत जामताड़ा जिले में महिला कॉलेज के निर्माण के लिये 58 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। झारखंड निजी विवि विधेयक २०२४ को कैबिनेट ने घटनौत्तर स्वीकृति दी। एम्स देवघर में 132/३३ केवी ग्रीड सब-स्टेशन एवं संचरण लाईन के निर्माण के लिए 64 करोड़ की स्वीकृति दी गयी। राज्य के सरकारी स्कूलों में 17986 रसोईया, सहायक को 10 माह की जगह 12 माह का मानदेय मिलेगा। -राज्य के 3944389 बिजली उपभोक्ताओं जो 200 यूनिट तक बिजली माफी योजना का लाभ ले रहे थे उनका बकाया एरियर माफ कर दिया गया। इनका 3584 करोड़ रुपया बकाया था। -वित्त विभाग के अंतर्गत पीएएमयू में प्रोग्राम डायरेक्टर और एडिशनल डायरेक्टर के पद का सृजन होगा। राज्य सरकार के पुराना वेतन ले रहे कर्मियों का महंगाई भत्ता 230 प्रतिशत से 239 प्रतिशत किया गया। इसका लाभ एक जुलाई 2024 से मिलेगा। -झारखंड वक्फ नियमावली 2024 का गठन किया गया। -सहायक अध्यापक सेवा शर्त 2024 नियमावली में संशोधन किया गया। इसके तहत नगर निगम क्षेत्र में मेयर और नगर आयुक्त को प्रशासनिक और अनुशासनिक अधिकार उनके लिए दिए गए और नगर परिषद नगर पंचायत में नगर अध्यक्ष या कार्यपालक पदाधिकारी को अधिकार दिया गया है। -कोडरमा में मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए 42 पद का सृजन करने की स्वीकृति दी गई। इसमें सालाना 3.61 करोड़ रुपये खर्च आने की संभावना है। -झारखंड राज्य के नवगठित शहरी स्थानीय नगर निकायों में आवश्यकता आधारित पदों का सृजन किया जायेगा। 2017 के बाद निकायों में पदों का सृजन किया जायेगा। नगर विकास विभाग ने इस आशय का प्रस्ताव तैयार किया जिस पर मंजूरी मिली। -छह नये नगर निकायों हरिहरगंज बरहरवा, महागामा, डोमचांच, बड़कीसरैया तथा धनवार नगर पंचायत में विभिन्न कार्यों के लिए 204 से अधिक पद सृजित होंगे।