जामताड़ा : बीते दिन जिले में हुई लूट का पुलिस ने खुलासा किया है। छिनतई करने वाले गिरोह के चार लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शनिवार को पुलिस मुख्यालय में एसपी राजकुमार मेहता ने प्रेस वार्ता का आयोजन कर इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बीते 11 जून को बिंदापाथर थाना क्षेत्र के धसनियां गांव के समीप मोटरसाइकिल सवार सीएसपी संचालक श्रीपद मंडल से पिस्तौल के दम पर 60 हजार रूपये की लूट की गई थी। इसी दिन कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में भी ₹40000 का एक लूट कांड हुआ। इन दोनों लूट कांड के उपरांत प्राथमिकी दर्ज करते हुए टीम बनाकर पड़ताल की गई। अनुसंधान के बाद पुलिस ने इस अपराध में शामिल 4 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। रियाजुद्दीन अंसारी उर्फ रेहान ऊर्फ रिजाउल अंसारी, शाहरुख अंसारी, सोहेल आलम और हैदर अंसारी नामक चार अपराधी जामताड़ा थाना क्षेत्र के मोहरा ग्राम के रहने वाले बताए गए हैं।
चारों गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने एक चार पहिया वाहन, एक बजाज प्लैटिना मोटरसाइकिल, एक अपाचे मोटरसाइकिल, देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, चार एंड्राइड मोबाइल फोन, लूट की रकम में से 74000 नगद बरामद किए हैं। इस छापामारी दल में पु अ नी विकास कुमार यादव, बिंदा पाथर थाना प्रभारी, चंदन कुमार तिवारी, विवेकानंद दुबे मिहिजाम थाना प्रभारी, उमेश सिंह, राकेश रंजन, रंजीत कुमार साव, सुधीर कुमार, संतोष कुमार आदि शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह गिरोह काफी समय से जिले में सक्रिय है। यह लोग मुख्यतः साइबर अपराधियों को निशाना बनाते थे, जो बैंकों से पैसा निकाल कर या एटीएम से ट्रांजैक्शन कर जाते थे, उनकी रेकी कर उनके साथ कांड को अंजाम दिया करते थे। सीएसपी संचालकों को लूटकर इन्होंने गलती कर दी और इससे घटना ने पुलिस को इन लोगों तक पहुंचा दिया। बताया कि इस गिरोह की दो सदस्य अभी फरार है। इनके कार्यकलाप की पूरी जांच की जा रही है पुलिस को इस संदर्भ में और भी कई अहम जानकारी मिलने की संभावना है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now