भरुच | गुजरात-दिल्ली पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए दक्षिण गुजरात के भरुच के अंकलेश्वर से 5000 करोड़ रुपए से अधिक कीमत की कोकीन जब्त की है| अंकलेश्वर की एक निजी कंपनी से इतनी बड़ी मात्रा में कोकीन बरामद होने की घटना से हड़कंप मच गया है| गौरतलब है कुछ दिन पहले दिल्ली से 770 किलो ड्रग्स बरामद किया था| इस मामले की पुलिस जांच में गुजरात कनेक्शन का खुलासा हुआ और उसके आधार पर दिल्ली पुलिस ने गुजरात पुलिस के साथ मिलकर दक्षिण गुजरात के भरुच जिले में अंकलेश्वर स्थित आवकार फार्मा कंपनी में रेड कर 518 किलोग्राम कोकीन बरामद की है|
जिसकी कीमत रु. 5000 करोड़ से अधिक बताई गई है| इस मामले में अब तक 13 हजार करोड़ रुपए कीमत का 1289 किलोग्राम ड्रग जब्त किया जा चुका है| आवकार फार्मा कंपनी भरुच जिले के अंकलेश्वर इंडस्ट्रीयल एस्टेट में है| जहां गुजरात और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है| जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में आवकार कंपनी के 3 डिरेक्टरों को गिरफ्तार कर लिया है| गिरफ्तार आरोपियों में अश्विन रामाणी, ब्रिजेश कोथिया और विजय भेसाणिया शामिल हैं| जांच में पता चला है कि नमकीन पैकेट की आड़ में नशे का काला कारोबार किया जा रहा था|