भाजपा समर्थित प्रत्याशी अर्पिता दास के समर्थन में बैठक, जनसंपर्क और चुनावी कार्यालय का उद्घाटन
संताल एक्सप्रेस
बरहरवा – पूर्व मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी अपने दो दिवसीय संथाल परगना दौरे के क्रम में प्रथम दिन साहिबगंज जिले के बरहरवा पहुंचे. यहां उन्होंने नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर भाजपा समर्थित प्रत्याशी एवं चुनाव प्रबंधक समिति के सदस्यों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें कीं.
बरहरवा पहुंचने के बाद बाबूलाल मरांडी ने आरबी पैलेस में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने बरहरवा नगर पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद की प्रत्याशी अर्पिता दास के पक्ष में चुनावी रणनीति की जानकारी ली और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बरहरवा नगर पंचायत के सभी 14 वार्डों के कुल 20 मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है.उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरें और अध्यक्ष पद की प्रत्याशी अर्पिता दास के साथ-साथ भाजपा समर्थित वार्ड पार्षद उम्मीदवारों के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करें.
इसके उपरांत बाबूलाल मरांडी ने नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 13 के खेतोरी पाड़ा में जनसंपर्क अभियान चलाया.इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करते हुए अर्पिता दास के समर्थन में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की. जनसंपर्क के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला.पत्रकारों से बातचीत में बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि साहिबगंज जिला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का गृह जिला होने के बावजूद यहां अपराध का ग्राफ पूरे झारखंड में सबसे अधिक है. उन्होंने हाल ही में कल्याणचक में दिनदहाड़े दो वाहन चालकों के बीच हुई चाकूबाजी की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना जिले में चरमराई कानून व्यवस्था का प्रत्यक्ष प्रमाण है.
इधर बाबूलाल मरांडी ने बरहरवा मेन रोड स्थित बोहरा गेस्ट हाउस में भाजपा समर्थित प्रत्याशी अर्पिता दास के चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन भी किया.
इस मौके पर किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी यादव, निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष श्यामल दास, भाजपा जिला अध्यक्ष गौतम यादव, नगर पंचायत चुनाव प्रभारी कृपानाथ मंडल उर्फ बम-बम मंडल, नगर अध्यक्ष रविंद्र भगत, सिद्धू कानू के वंशज मंडल मुर्मू, कुसुमाकर तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद थे.


