नई दिल्ली । चिकनगुनिया की बीमारी से निजात पाने के लिए आयुर्वेद में कुछ घरेलू उपाय भी हैं जो रिकवरी को तेज कर सकते हैं, खासकर अर्जुन की छाल से बना काढ़ा। अर्जुन की छाल को आयुर्वेद में एक औषधीय जड़ी-बूटी माना गया है, जो एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होती है।
चिकनगुनिया के दौरान या इसके बाद शरीर में बढ़े वात और रक्त के विकारों को संतुलित करने में अर्जुन छाल का काढ़ा कारगर हो सकता है। यह न केवल जोड़ों की सूजन और मांसपेशियों के दर्द को कम करता है, बल्कि शरीर को डिटॉक्स करने और रक्त को शुद्ध करने में भी मदद करता है। इसका उपयोग करना भी बेहद आसान है। 5 से 10 ग्राम अर्जुन छाल का दरदरा चूर्ण लें और उसे 200 मिलीलीटर पानी में उबालें। जब पानी आधा रह जाए, तो छानकर गुनगुना पी लें। इसे दिन में दो बार सुबह खाली पेट और रात में हल्के भोजन के बाद ले सकते हैं। चाहें तो स्वाद और गुण बढ़ाने के लिए इसमें थोड़ा शहद या गुडुची चूर्ण मिला सकते हैं। ध्यान रखें कि इसका सेवन अधिक समय तक न करें, क्योंकि इससे वात-पित्त-कफ का असंतुलन हो सकता है।
इसे एक सप्ताह तक ही लें और वह भी विशेषज्ञ की सलाह से। हालांकि अर्जुन छाल का काढ़ा चिकनगुनिया के लक्षणों से राहत दिला सकता है, लेकिन यह बीमारी का संपूर्ण इलाज नहीं है। कुछ सावधानियां भी जरूरी हैं। यदि किसी को उच्च रक्तचाप, कब्ज, या हृदय संबंधी समस्या है, तो काढ़ा लेने से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लें। स्तनपान कराने वाली महिलाएं भी इसे विशेषज्ञ के निर्देश पर ही लें। चिकनगुनिया मुख्य रूप से हड्डियों, मांसपेशियों और जोड़ों को प्रभावित करता है, जिससे सूजन और चलने-फिरने में कठिनाई होती है। इस दौरान कुछ चीज़ों से परहेज भी जरूरी है, जैसे चाय, कॉफी, मसालेदार खाना, राजमा और कुल्थ जैसी दालें।
इसके बजाय गिलोय और अनार का जूस फायदेमंद हो सकता है। इसलिए चिकनगुनिया के दौरान आयुर्वेदिक उपायों को अपनाते हुए डॉक्टर की सलाह जरूर लें। सही देखभाल और परहेज से यह बीमारी जल्दी काबू में आ सकती है। एक्सपटर्स की माने तो चिकनगुनिया एक वायरल बीमारी है जो ऐडिस येजिप्टी और येडिस अल्बोपिक्टस मच्छरों के काटने से फैलती है। यह बीमारी आमतौर पर तेज बुखार और असहनीय जोड़ों के दर्द के रूप में सामने आती है। इससे पीड़ित व्यक्ति के शरीर में इतनी कमजोरी आ जाती है कि सामान्य गतिविधियां भी मुश्किल लगती हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now