मिडिल ईस्ट में अगले 24 घंटे विनाश के!
-ईरानी हमलों में इजराइल के रामत हाशरॉन में कारों और बुनियादी ढांचों को नुकसान
-राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन बोले-1.4 करोड़ ईरानी अपनी जान कुर्बान करने को तैयार
तेहरान/तेल अवीवी/वाशिंगटन । ईरान पर हमले की ट्रंप की डेडलाइन खत्म होने से पहले ही मिडिल-ईस्ट में मिसाइल और बम बरसने लगे। इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमले तेज कर दिए हैं। ईरान सरकार ने कई रुटों पर ट्रेनों की सेवाएं रोक दी हैं। हाईवे पर बने पुलों पर अटैक की खबर है और कई बड़े ब्रिज का उड़ाया जा रहा है। ट्रंप की पावर प्लांट डे और ब्रिज डे वाली धमकी अब हकीकत का रूप लेती दिख रही है। रिपोर्ट के अनुसार ईरान के तीन पुलों पर हमला किया गया है। तबरेज जांजन हाईवे पर बने एक ब्रिज को उड़ा दिया गया है। ये हाई वे उत्तर पश्चिम ईरान में स्थित है। काशान में एक रेलवे पुल पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई। इस्फहान प्रांत के सुरक्षा उप-गवर्नर ने कहा कि कुछ ही देर पहले अमेरिका और इजरायल ने काशान काउंटी में स्थित याह्याबाद रेलवे पुल पर हमला किया। इस हमले में 2 नागरिक शहीद हो गए और 3 अन्य घायल हो गए। वहीं ईरान ने इजराइल में विध्वंसक हमला किया है. उसने मिसाइल हमले से तेल अवीव में भीषण तबाही मचाई है। धमाकों की वजह से दर्जनों गाडिय़ां तबाह हो गईं। शहर में दहशत का माहौल है और लोग शेल्टर्स में दुबके हुए हैं। जिस तरह हमले हो रहे हैं उससे मिडिल ईस्ट में अगले 24 घंटे विनाश के नजर आ रहे हैं।
अमेरिका और इजराइल ने मंगलवार को ईरान में कई जगहों पर हमला किया। सबसे बड़ा हमला खार्ग आइलैंड पर हुआ, जहां ऑयल टर्मिनल को निशाना बनाया गया। ईरान का करीब 80 से 90 प्रतिशत कच्चा तेल यहीं से एक्सपोर्ट होता है। इसी दौरान कोम और कशान में भी पुलों को निशाना बनाया गया। काशान के पास यहयाबाद रेलवे पुल पर हमले में 2 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम ईरान में तबरीज-जंजान हाईवे के पुल पर भी हमला किया गया। इन हमलों के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए यूएई के शारजाह में हमला किया। ईरान पहले ही कह चुका था कि अब वह चुप नहीं बैठेगा। अमेरिका और उसके सहयोगियों के ठिकानों को निशाना बनाएगा।
ईरान की खाड़ी से बाहर हमलों की धमकी
ईरान के रिवोल्यूशनरी गाड्र्स ने चेतावनी दी है कि अमेरिका के खिलाफ उनकी कार्रवाई अब क्षेत्र से बाहर भी जा सकती है। आईआरजीसी ने कहा कि हमारा धैर्य जवाब दे चुका है। हम अमेरिका और उसके सहयोगियों के ऐसे ढांचों को निशाना बना सकते हैं, जिससे उन्हें कई सालों तक तेल और गैस नहीं मिल सके। आईआरजीसी ने यह भी कहा कि अब तक पड़ोसी देशों के साथ अच्छे संबंधों की वजह से संयम रखा गया था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। ईरान ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने रेड लाइन पार की, तो जवाब क्षेत्र से बाहर भी दिया जाएगा।
अब गेंद ईरानियों के पाले में है: जेडी वेंस
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि अब गेंद ईरानियों के पाले में है। जंग शुरू होने से पहले भी ईरानी तेज वार्ताकार नहीं थे और अब तो बिल्कुल भी नहीं हैं। हम मानते हैं कि कभी-कभी एक व्यक्ति से दूसरे तक संदेश पहुंचाने में देरी हो जाती है। लेकिन हमें पूरा भरोसा है कि हमें सकारात्मक या नकारात्मक, दोनों ही तरह की प्रतिक्रिया मिलेगी। हमें आज रात आठ बजे तक ईरानियों से जवाब मिल जाएगा। वेंस ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि वे सही जवाब देंगे, क्योंकि हम वास्तव में ऐसी दुनिया चाहते हैं जहां तेल और गैस का निर्बाध प्रवाह हो, जहां लोग अपने घरों को गर्म और ठंडा रख सकें, जहां लोग काम पर जाने के लिए परिवहन का खर्च उठा सकें।


