मुंबई । गुजरात के अहमदाबाद में हुआ एयर इंडिया का विमान हादसा भारतीय हवाई दुर्घटनाओं के इतिहास में सबसे भीषण हादसा होगा। उड़ान भरने के बाद पायलट सुमित सभरवाल ने देखा कि विमान जरूरी ऊंचाई पर नहीं जा रहा है, तो उन्होंने मे-डे कॉल किया, यानी एयर ट्रैफिक कंट्रोल को संदेश भेजा कि विमान संकट में है। लेकिन इससे पहले कि कोई मदद मिल पाती, महज 50 सेकंड में पूरा खेल खत्म हो गया। अहमदाबाद विमान हादसे में कुल 265 लोगों की मौत हुई है। शुरुआती जानकारी है कि विमान में सवार 241 लोगों की मौत हुई है। जबकि जिस इलाके में विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वहां 24 लोगों के मारे जाने की आशंका है। वहीं मृतकों में महाराष्ट्र के 10 लोग शामिल हैं। आखिर विमान हादसा क्यों हुआ? इसका सही कारण समझ में नहीं आया है। हालांकि, इस हादसे की चार संभावित वजहें जताई जा रही हैं। –
एयर इंडिया विमान दुर्घटना के चार संभावित कारण
1) विमान के दोनों इंजन एक साथ फेल हो गए होंगे
2) लैंडिंग गियर खुला नहीं होगा, लैंडिंग गियर धीमा हो गया होगा…
3) विमान से कोई पक्षी टकरा गया होगा
4) उड़ान भरने में मदद करने वाले विंग फ्लैप नीचे की स्थिति में रहे होंगे
* विमान हादसे में महाराष्ट्र के 10 लोगों की मौत
अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के 10 लोगों की मौत हुई है। इसमें मुख्य पायलट सुमित सभरवाल और क्रू मेंबर दीपक पाठक, मैथिली पाटिल, रोशनी सोनघरे, अपर्णा महाडिक तथा साईनीता चक्रवर्ती शामिल हैं। इसके अलावा यात्री मयूर पाटिल, यशा कामदार, आशा पवार एवं महादेव पवार भी शामिल हैं। मुख्य पायलट सुमित सभरवाल मुंबई के पवई से हैं। क्रू मेंबर अपर्णा महाडिक गोरेगांव, दीपक पाठक मुंबई से सटे बदलापुर, मैथिली पाटिल नवी मुंबई से सटे पनवेल, रोशनी सोनघरे मुंबई से सटे डोंबिवली और साईनीता चक्रवर्ती मुंबई के जुहू से हैं, जबकि यात्रियों में आशा पवार और महादेव पवार दंपत्ति पंढरपुर के निवासी हैं। वहीं मयूर पाटिल नामक निवासी की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। जबकि यशा कामदार नागपुर की रहने वाली हैं।