नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने हाल ही में अपने प्रसिद्ध जर्सी नंबर 7 और सोशल मीडिया पर चलने वाले थाला फॉर ए रीजन ट्रेंड को लेकर पहली बार खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि थाला फॉर ए रीजन उनके प्रशंसकों द्वारा बनाया गया है, जो किसी भी घटना में 7 नंबर का कनेक्शन ढूंढ लेते हैं, चाहे वह जोड़-घटाव, गुणा या भाग से ही क्यों न हो। धोनी ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि यह ट्रेंड कैसे बना, लेकिन उनके प्रशंसक किसी न किसी तरह 7 नंबर को इसमें जोड़ ही देते हैं।
अपनी जर्सी नंबर 7 चुनने के पीछे की वजह बताते हुए धोनी ने कहा कि उनका जन्म 7 जुलाई को हुआ था और जब भारतीय टीम में डेब्यू करते समय उनसे जर्सी नंबर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने 7 नंबर मांगा क्योंकि वह उस समय खाली था। धोनी ने एक दिलचस्प घटना का भी जिक्र किया, जब एक विशेषज्ञ ने उन्हें जर्सी नंबर 7 से बदलकर कोई और नंबर लेने की सलाह दी थी।

इस पर धोनी ने उस विशेषज्ञ से कहा कि अगर वे अच्छी प्रैक्टिस और मेहनत करेंगे, तो उन्हें किसी नंबर के भरोसे रहने की जरूरत नहीं होगी, अन्यथा वे खुद गलतियां करते रहेंगे और इसका दोष नंबर को देते रहेंगे। महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल 2027 से पहले क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया है और अब वह चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने 2020 में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया था, लेकिन उनके प्रशंसक अभी भी उनके नंबर 7 और उससे जुड़े हर पहलू को लेकर उत्साहित रहते हैं।



