नई दिल्ली । दिल्ली उच्च न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत जानकारी पाने का अधिकार केवल उन्हीं रिकॉर्ड्स और सूचनाओं तक सीमित है, जो किसी सार्वजनिक प्राधिकरण के पास मौजूद हैं या उसके नियंत्रण में हैं। जस्टिस अमित महाजन की पीठ ने आज कहा कि यदि कोई आवेदक विभाग द्वारा आरटीआई के तहत दिए गए जवाब से संतुष्ट नहीं है तो केवल इस असंतुष्टि के आधार पर अदालती कार्यवाही को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता।
कोर्ट ने यह टिप्पणी सुनील भसीन नामक याचिकाकर्ता की याचिका का निपटारा करते हुए की। याचिकाकर्ता ने केंद्रीय विद्युत मंत्रालय के सचिव को 28 अक्टूबर, 2020 को भेजे गए अपने एक रिप्रेजेंटेशन की स्थिति, उससे जुड़ी फाइल नोटिंग्स और पत्राचार का विवरण मांगा था। इसके अलावा, उन्होंने पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन द्वारा सेवा से बर्खास्तगी के खिलाफ दायर अपनी 6 जून, 2019 की अपील से जुड़े दस्तावेज भी आरटीआई के जरिए मांगे थे।

मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि संबंधित प्राधिकरणों ने अपने पास उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर याचिकाकर्ता को जवाब दे दिया था। जस्टिस महाजन ने कहा कि आरटीआई कानून का उद्देश्य मौजूदा सार्वजनिक रिकॉर्ड तक पारदर्शी पहुंच प्रदान करना है, न कि किसी विभाग को ऐसी जानकारी तैयार करने या जुटाने के लिए बाध्य करना जो उसके पास उपलब्ध ही नहीं है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध रिकॉर्ड साझा कर दिया गया है तो आवेदक की व्यक्तिगत असंतुष्टि के आधार पर रिट याचिका को लंबित रखने का कोई औचित्य नहीं है।



