पश्चिमी सिंहभूम । पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के पोटका में रविवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार 18 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसा एनएच-75ई पर तालाब के समीप हुआ। मृतक 12वीं कक्षा का विद्यार्थी था।
पुलिस के अनुसार, गोइलकेरा थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव निवासी जयपाल पुरती चाईबासा के लुपुंगुटू स्थित सेंट जेवियर्स इंटर कॉलेज में वाणिज्य संकाय का छात्र था। उसके पिता रमेश चंद्र पुरती चक्रधरपुर के टीकरचांपी में रहते हैं। रविवार रात करीब 12 बजे जयपाल बाइक लेकर घर से निकला था। देर रात होने के कारण उसके भाई ने उसे बाहर जाने से मना किया था, लेकिन वह नहीं माना।
रात करीब दो बजे जयपाल पोटका में तालाब के पास पहुंचा।

वहां पहले से दो ट्रकों की टक्कर के कारण एक क्षतिग्रस्त ट्रक सड़क पर खड़ा था। बताया जाता है कि सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी थी, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया था। इसी दौरान जयपाल ने सड़क पर खड़े ट्रक को पार करने का प्रयास किया। तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जयपाल को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर चक्रधरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।





