सुहागिन महिलाएं रखेंगी व्रत, घर-आंगन में होगा तुलसी विवाह- विवाह लग्न शुरू होते ही गूंजेगी शहनाई
चतरा । देव जागरण का पर्व देवउत्थान एकादशी शुक्रवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। गुरुवार को व्रतियों ने नहाय-खाय और संयम के साथ व्रत की तैयारी की। देवोत्थान एकादशी को हरिप्रबोधिनी और देवउठनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चार माह तक योगनिद्रा में रहने के बाद भगवान विष्णु इस दिन जागते हैं। उनके जागरण के साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है और चार माह से बंद पड़े शुभ एवं मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाते हैं।
चतरा निवासी आचार्य पंडित चेतन पांडेय ने बताया कि भगवान विष्णु आषाढ़ शुक्ल एकादशी को चार माह के लिए शयन करते हैं और कार्तिक शुक्ल एकादशी को योगनिद्रा से जागते हैं। इस वर्ष देवउत्थान एकादशी 20 नवंबर शुक्रवार को मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार देवउठनी एकादशी से ही विवाह के शुभ लग्न भी प्रारंभ हो रहे हैं। ऐसे में शादी-विवाह का सिलसिला शुरू होगा और घरों में शहनाई गूंजने लगेगी। हालांकि मुंडन, नूतन गृह प्रवेश और देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा जैसे कुछ कार्यों के लिए उत्तरायण तक प्रतीक्षा करनी होगी।
देवउठनी एकादशी पर हिंदू परिवारों में भगवान नारायण और तुलसी माता की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। तुलसी चौरा के समीप ईख से आकर्षक मंडप बनाया जाता है। घरों के आंगन में चौका और रंगोली सजाई जाती है। चावल के आटे और सिंदूर से घर-आंगन को जगाने की भी प्राचीन परंपरा है। कई स्थानों पर इस पर्व को देव दिवाली के रूप में भी मनाया जाता है।
धार्मिक मान्यता है कि देवोत्थान एकादशी पर तुलसी विवाह और देव जागरण का अनुष्ठान करने से घर-परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है और भगवान की कृपा प्राप्त होती है। इस अवसर पर सुहागिन महिलाएं दिनभर उपवास रखकर संध्या बेला में भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करेंगी तथा देवोत्थान एकादशी व्रत कथा का श्रवण करेंगी।
इसके बाद शंख और विभिन्न वाद्ययंत्रों की ध्वनि के साथ भगवान नारायण को जगाने की परंपरा निभाई जाएगी। भगवान विष्णु के जागरण के साथ ही चातुर्मास समाप्त होगा और मांगलिक आयोजनों का दौर शुरू हो जाएगा।






