भोगनाडीह में 18 नवंबर को कार्यक्रम आयोजित करने पर उठाए सवाल, कहा- कार्यक्रम के प्रभारियों की सूची में एक भी आदिम जनजाति के प्रतिनिधि को नहीं मिली जगह

संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज । भाजपा द्वारा आदिवासी गौरव दिवस के आयोजन को लेकर झामुमो नेता सिमोन मालतो ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने भाजपा पर आदिवासी गौरव दिवस के नाम पर नौटंकी करने का आरोप लगाया है। बुधवार को साहिबगंज जिला मुख्यालय स्थित परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि आदिवासी गौरव दिवस 15 नवंबर को मनाया जाना चाहिए था, लेकिन भाजपा द्वारा 18 नवंबर को जिले के भोगनाडीह में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
सिमोन मालतो ने कार्यक्रम की जिम्मेदारियां सौंपने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आदिवासी गौरव दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के लिए गठित प्रभारियों की सूची में एक भी आदिम जनजाति समुदाय के व्यक्ति का नाम शामिल नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिस समुदाय के सम्मान और गौरव की बात की जा रही है, उसी समुदाय को कार्यक्रम की जिम्मेदारी और भागीदारी से दूर रखना भाजपा की मंशा पर सवाल खड़ा करता है.वहीं प्रेस वार्ता में मौजूद झामुमो नेता राशीद खान ने भी भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा ने कई वर्षों तक शासन किया. लेकिन विकास के नाम पर धरातल पर कोई उल्लेखनीय काम नहीं हुआ. भाजपा ने राज्य को लूटने का काम किया है और अब वह केवल फेसबुकिया पार्टी बनकर रह गई है.
प्रेस वार्ता के दौरान झामुमो नेताओं ने भाजपा की आदिवासी राजनीति और राज्य में उसके शासनकाल को लेकर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की.





