◆ हड्डी एवं स्पाइन रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव चौबे और जनरल फिजिशियन डॉ. आकृति श्रेय ने की मरीजों की जांच
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका । दुमका शहर के वीर कुंवर सिंह चौक स्थित पागल बाबा मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आज दूसरा दिन है। शिविर में हड्डी एवं रीढ़ रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव चौबे तथा जनरल फिजिशियन डॉ. आकृति श्रेय मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर रहे हैं। शिविर के माध्यम से लोगों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सुझाव भी दिए जा रहे हैं।
शिविर के पहले दिन बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई।मंगलवार को दूसरे दिन भी स्वास्थ्य जांच के लिए लोगों का तांता लगा रहा।इस दौरान दोनों डॉक्टरों ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना, आवश्यक जांच की और उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया।
हड्डी एवं स्पाइन रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव चौबे पूर्व में गुरुग्राम स्थित फोर्टिस अस्पताल में सीनियर रेजिडेंट के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वहीं, जनरल फिजिशियन डॉ. आकृति श्रेय मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं सावधानियों के संबंध में सलाह दे रही हैं।
शिविर के आयोजन में ठाकुर श्यामसुंदर सिंह, उमाशंकर चौबे, प्रदीप कुमार मिश्रा,जलद वरण साहा,बासुदेव पंडित और पवन कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आयोजकों ने शहर एवं आसपास के लोगों से शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाने की अपील की है।इस तरह के आयोजन का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराना है।






